- काशीपुर में सबसे अधिक 128 मिमी तो सितारगंज में सबसे कम दो मिमी हुई बारिश
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। सुबह से दोपहर तक हुई बारिश से तराई में पानी-पानी हो गया। ड्रेनेज सिस्टम फेल होने से लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। कॉलोनियों में पानी भरने से लोगों में नाराजगी दिखाई दी। काशीपुर में सबसे अधिक 128 मिमी तो सितारगंज में सबसे कम दो मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
बृहस्पतिवार को जसपुर में 97 मिमी, बाजपुर में 60 मिमी, गदरपुर में 30 मिमी, रुद्रपुर में 37 मिमी, किच्छा में आठ मिमी और खटीमा में पांच मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। रुद्रपुर शहर के डीडी चौक, आवास विकास, संजय नगर खेड़ा, ट्रांजिट कैंप, छतरपुर, जयनगर में लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा है।
मनोज सरकार स्टेडियम को जाने वाली सड़क पर सीएमओ कार्यालय के आगे खाली पड़े स्थान में पानी भर गया है। बारिश के चलते जिले में कई जगह घंटों बिजली गुल रही है। छत्तरपुर की तरफ न्यू जगन्नाथ कॉलोनी, जागेश्वर इंकलेव, जयनगर नंबर तीन और चार और लक्ष्मी विहार कॉलोनी में जलभराव होने से स्थानीय लोगों में रोष है। सांस्कृतिक देवभूमि सेवा समिति के संयुक्त सचिव ठाकुर सिंह परिहार ने कहा कि बरसात के मौसम से पहले ही प्रशासन को नाली बनाने के लिए कई बार पत्र लिखा गया है। लेकिन कॉलोनी से पानी निकासी नहीं होने के चलते जलभराव की समस्या पैदा हुई है। थोड़ी बारिश से ही जयनगर में जलभराव की समस्या झेलनी पड़ती है।