खटीमा। वार्ड संख्या 6 के लोगों ने एक अधिवक्ता पर नाले की भूमि पर कब्जा कर अवैध निर्माण करने और नाली की निकासी बंद करने का आरोप लगाते हुए उप जिलाधिकारी निर्मला बिष्ट ज्ञापन सौंपा।
वार्ड वासियों ने कहा कि वार्ड संख्या छह में ऐठा नाला बह रहा है। नाले की भूमि पर एक अधिवक्ता के द्वारा कब्जा कर अवैध निर्माण कर गली को बंद किया जा रहा है। वार्ड वासियों ने कहा कि अधिवक्ता के पूर्वजों के द्वारा पूर्व में ही अपनी हदबंदी की बुनियाद भरी गई थी। अब अधिवक्ता द्वारा पुरानी बुनियाद से आगे बढ़कर बुनियाद भरकर नाले में पिलर खड़ा कर दिया है। साथ ही मोहल्ले के मकानों के गंदे पानी की निकासी के लिए बनाई गई नाली को भी बंद कर दिया है। वार्ड वासियों ने नाले की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को रोकने की मांग की।
इधर, एसडीएम बिष्ट ने तहसीलदार तहसीलदार यूसुफ अली को जांच कर आख्या देने और उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ज्ञापन में अमीर अहमद, नसरीन जहां, हाफिज निसार अहमद, शमशाद हुसैन, शहजादे, अकील अहमद, मुस्तकीम अहमद, रामा परवीन आदि के हस्ताक्षर थे।