जनसभा को संबोधित करते कांग्रेस से मेयर पद के प्रत्याशी ललित जोशी
- फोटो : अमर उजाला
नगर निगम चुनाव के तहत कांग्रेस के मेयर पद के प्रत्याशी ललित जोशी के समर्थन में वोट मांगने पूर्व सीएम हरीश रावत बृहस्पतिवार को हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने भाजपा पर जमकर प्रहार किया। वहीं ललित जोशी ने भी डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया।
वार्ड 40 के हिम्मतपुर मल्ला में एक सभा में पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि भाजपा को सत्ता का घमंड हो गया है। उन्हें जनता का गुस्सा झेलना पड़ेगा। कहा कि यह स्थानीय चुनाव है और क्षेत्रीय नेता के रूप में ललित जोशी सबसे उपयुक्त हैं। कहा कि राज्य की नगर निगम क्षेत्रों में विकास के नाम पर भाजपा फेल रही है और अब जनता से वोट मांगने की बारी आई तो इधर-उधर की बात कर रही है।
ललित जोशी ने अपने जनसंपर्क अभियान के तहत वार्ड नंबर 3 और 40 में डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद किया और अपने विकास के दृष्टिकोण को साझा किया। ललित जोशी ने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार में भी सड़कों की स्थिति खराब हो चुकी है और भाजपा केवल धर्म के नाम पर नफरत फैला रही है।
इस दौरान विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व विधानसभा प्रभारी गोविंद कुंजवाल, जिलाध्यक्ष राहुल छिम्वाल, सतीश नैनवाल, हेमंत बगडवाल, सुमित्तर भुल्लर, भोला दत्त भट्ट, योगेश जोशी, विशाल भोजक, संजय बिष्ट, राजा फर्स्वाण आदि रहे।