रुद्रपुर। छह घरों में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी हुए जेवर व नगदी के साथ दो अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक मौके से फरार हो गया। चोरों को जेल भेज दिया गया है।
शुक्रवार को एसपी सिटी देवेंद्र पींचा व एसपी क्राइम प्रमोद कुमार ने चोरी का खुलासा करते हुए बताया कि 9 नवम्बर को चोरों ने पाश पंचवटी कीरतपुर व 10 नवम्बर को पाश कालोनी देव होम के तीन बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी की थी। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। वहीं अज्ञात चोरों पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी। 19 नवम्बर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने डिबडिबा से बिलासपुर जाने वाले मार्ग में स्थित पोपलर के खेत में घेराबंदी कर धर्मपाल उर्फ प्रेमपाल निवासी न्यू सीमापुरी दिलशाद गार्डन कलन्दर कालोनी नई दिल्ली व हाल सोढ़ी कालोनी बनखंडी थाना बिलासपुर रामपुर व अनिल ग्राम साहनपुर थाना बिसौली बदायूं को पकड़ लिया। जॉन सिंह ग्राम साहनपुर थाना बिसौली बदायूं फरार हो गया। पकड़े गए दोनों व्यक्तियों ने दिवाली से पहले पांच व उससे पहले एक घर में चोरी की बात कबूली। दोनों चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने सोने, चांदी के जेवर व 87 हजार की नगदी बरामद की। दोनों चोरों को जेल भेज फरार चोर की तलाश शुरू कर दी है। चोरों ने पंजाब व अन्य राज्यों में भी चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कही है।