रुद्रपुर। किच्छा बाईपास रोड में मोदी मैदान के पास ट्रैक्टर-ट्राली और बाइक सवारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार छठी कक्षा के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया।
वार्ड नम्बर 17 नई बस्ती खेड़ा निवासी राशिद का 13 वर्षीय पुत्र साबिर मंगलवार को अपने मामा इमरान के साथ दक्ष चौराहे के पास दुकान पर गया था। रात 9 बजे दुकान बंद होने के बाद दुकान का कर्मचारी दिलशाद उसे बाइक पर लेकर घर आ रहा था। इसी बीच मोदी मैदान के पास बाइक और ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर हो गई। हादसे के दौरान साबिर की मौके पर ही मौत हो गई और दिलशाद घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रांजिट कैम्प थाना के एसआई अर्जुन गिरी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया, चालक फरार हो गया था। परिजनों की तहरीर के बाद अज्ञात चालक पर केस दर्ज किया जाएगा।