पंतनगर। विवि परिसर में 11 लोगों के पॉजिटिव निकलने से खलबली मची है।बीती 12 सितंबर को रेडक्रॉस सोसाइटी, जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से परिसर के स्टेट बैंक के पास कोरोना संक्रमण की जांच के लिए लगाए गए कैंप मैं 88 सैंपल लिए गए थे। जिसकी सोमवार देर रात आई रिपोर्ट में 11 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किच्छा के चिकित्सा अधीक्षक ने सभी संक्रमितों को पंतनगर के छात्रावासों में बने कोविड केयर सेंटर में आइसोलेट करने के निर्देश दिए हैं। पंतनगर थाना पुलिस द्वारा उक्त संबंध में कार्यवाही शुरू कर दी गई है। बता दें कि इससे पूर्व भी पंतनगर में 14, उसके बाद 22 फिर 19 केस पॉजिटिव पाए गए थे। इस तरह पंतनगर में कोरोना के 66 केस अभी भी एक्टिव हैं। इधर विवि के शोध निदेशालय में एक ठेका कर्मचारी के पॉजिटिव निकलने से हड़कम्प है। निदेशक शोध डॉ अजीत सिंह नैन ने एहतियातन निदेशालय को 18 सितंबर तक बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। उधर शैक्षणिक पोल्ट्री फार्म के संयुक्त निदेशक डॉ एके घोष के कोरोना संक्रमित निकलने से कार्यालय बंद कर दिए गए।