खटीमा के जगबुढ़ा पुल के पास बुधवार रात कार और बाइक की आमने-सामने से हुई टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। इस दुखद घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। बृहस्पतिवार को शवों का पोस्टमार्टम किया गया। वार्ड नंबर 13 निवासी नमन मौर्या (27) पुत्र सुरेंद्र कुमार मौर्या और नावेद खान (29) पुत्र बाबू खान को बुधवार को बाइक से नेपाल गए थे। रात को लौटते समय जगबुढ़ा पुल के पास उनकी बाइक की खटीमा की तरफ से आ रही कार के साथ आमने-सामने से तेज टक्कर लग गई, जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। 108 एंबुलेंस के माध्यम से दोनों युवकों को खटीमा उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह शवों का पोस्टमार्टम किया गया।