पुलट्टा पुलिस की गिरफ्त में ड्रग तस्कर।
रुद्रपुर। पुलभट्टा पुलिस और एसटीएफ की एएनटीएफ ने दो अंतरराज्जीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्कर बरेली के फरीदपुर से स्मैक लेकर ऊधमसिंह नगर बेचने जा रहे थे। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया है।
शनिवार को एसटीएफ कार्यालय में सीओ सुमित पांडे ने बताया कि शुक्रवार की शाम एएनटीएफ ने पुलभट्टा पुलिस के साथ बरा नदेली मार्ग पर यूपी की ओर से बाइक पर आ रहे दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 260 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम आफताब उर्फ दानिश निवासी ग्राम मोहनपुर नकटिया निकट सिटी पैलेस मैरिज हाल कैंट बरेली और राहत खान उर्फ भूरा निवासी ग्राम पटेडा तलैया थाना फतेहगंज पूर्वी बरेली बताया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे काफी समय से बरेली से स्मैक लाकर ऊधमसिंह नगर के विभिन्न स्थानों में बेचते थे। वे फरीदपुर बरेली निवासी ड्रग्स माफिया नईम उर्फ शेरा से स्मैक लेकर आए थे। पुलिस ने उनकी बाइक सीज कर दी है। बताया कि एएनटीएफ ने वर्ष 2023 में चरस, अफीम और स्मैक के साथ 12 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। टीम में एएनटीएफ निरीक्षक पावन स्वरूप, एसआई विपिन जोशी, पुलभट्टा थाने के एसआई पंकज कुमार शामिल थे।
बाइक चोरी में गया जेल, बाहर आया तो बन गया तस्कर
रुद्रपुर। एसटीएफ एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार दानिश के खिलाफ बरेली के कैंट थाने में वर्ष 2020 और 2022 में शीशगढ़, प्रेमनगर थाने में बाइक चोरी के केस दर्ज हुए थे। इन मामलों में दानिश जेल गया था। जेल में ही दानिश की मुलाकात एनडीपीएस एक्ट में बंद नईम उर्फ शेरा से हुई थी। शेरा ने दानिश को स्मैक तस्करी में मोटी कमाई होने का लालच दिया। जेल से बाहर आने के बाद नईम के संरक्षण में दानिश ने स्मैक तस्करी शुरू कर दी। शेरा ने ही राहत खान को लालच देकर इस धंधे में शामिल किया था और उसकी मुलाकात दानिश से कराई थी। जिसके बाद दानिश और राहत ने स्मैक तस्करी शुरू कर दी थी।