काशीपुर/बाजपुर। दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद वाहन चालकों की तलाश शुरू कर दी है।
रामबाग कॉलोनी, बुक्सौरा दिनेशपुर निवासी नंदलाल (32) पुत्र प्रशांत पुलिस चौकी दोराहा के अंतर्गत मुख्यमार्ग स्थित होटल पर खाना खाने आया था। पुलिस के अनुसार जैसे ही वह होटल से बाहर निकला अज्ञात वाहन ने नंदलाल को टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस होटल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की तलाश कर रही है। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
दूसरी घटना में सोमवार देर शाम ढाकिया रोड स्थित सत्संग भवन के पास रहने वाले 55 वर्षीय परमेश्वरी साइकिल से अपने छोटे बेटे के घर ढाकिया जा रहे थे। उन्हे रास्ते में पड़ने वाले एक निजी स्कूल के पास एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। राहगीरों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सरकारी के डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बताया जा रहा है कि मृतक मजदूरी का कार्य करता था। उसके तीन पुत्र और तीन पुत्रियां है।