रुद्रपुर। लंबे समय से मिल रही विभिन्न शिकायतों के बाद एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने जसपुर कोतवाल समेत दो चौकी इंचार्जों को लाइनहाजिर कर दिया है। तीनों को पुलिस लाइन में अटैच किया गया है। इसके अलावा दो एसआई को नई चौकियों की जिम्मेदारी दी गई है।
एसएसपी बरिंदरजीत सिंह को शिकायत मिली थी जसपुर कोतवाली, बरहैनी व पतरामपुर चौकी में पुलिस की मनमानी चल रही है। कई मामलों में इनकी अपराधियों से संलिप्तता भी पाई गई है। शिकायत के बाद एसएसपी ने इसकी गोपनीय जांच शुरु कर दी थी।
मंगलवार को उन्होंने जसपुर कोतवाल उमेद सिंह दानू, पतरामपुर चौकी इंचार्ज बसन्त पंत व बरहैनी चौकी इंचार्ज संदीप पिलख्वाल को लाइनहाजिर कर पुलिस लाइन में अटैच कर दिया है। वहीं पुलिस लाइन से दीवान सिंह बिष्ट को पतरामपुर चौकी इंचार्ज व एडीटीएफ प्रभारी राजेश पांडे को एडीटीएफ के साथ ही कलकत्ता फार्म चौकी इंचार्ज बनाया गया है।