रुद्रपुर। पंतनगर सिडकुल की नामी कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से दो लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने कुरुक्षेत्र हरियाणा के तीन युवकों पर केस दर्ज किया है। मामले की विवेचना एसआई गंगा राम गोला को सौंपी गई है। मंगलवार को इंद्राकालोनी रुद्रपुर निवासी जितेंद्र पाल सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 10 फरवरी 2020 को उसने इंटरनेट में नौकरी के बारे में देखा। जिसमें पंतनगर स्थित अशोका लीलैंड कम्पनी में पद रिक्त दिखाकर जल्द आवेदन करने की बात कही गई थी। युवक का कहना है कि इंटरनेट में आवेदन करने के बाद एक युवती का उसके पास कॉल आया, जिसने आश्वस्त किया कि जल्द कंपनी में ज्वाइंग कराई जाएगी। आरोप है कि इसी दौरान दो युवकों ने उसे कंपनी कर्मी बताकर ज्वाइंग से पहले रुपये जमा करने की बात कही थी। उससे अलग-अलग किश्तों में इंटर बैंक के माध्यम से दो लाख रुपये लिए। लेकिन आज तक उसे नौकरी नहीं दी गई। कोतवाली केसी भट्ट ने बताया कि जांच के दौरान युवक से ठगी की बात सामने आई। उन्होंने बताया कि मामले में रोहित कुमार, नीतीश व शीनू भारद्वाज निवासी नगर गावरी कुरुक्षेत्र हरियाणा की संलिप्तता पाए जाने पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।