काशीपुर आईटीआई थाना पुलिस हिरासत में चोर।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। लोगों ने महुआखेड़ा गंज में बंद पड़ी फैक्ट्री से चोरी करते हुए दो लोगों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। महुआखेड़ा गंज में लिलिपुट फैक्ट्री काफी समय से बंद है। शनिवार रात फैक्ट्री में चोर घुस गए। इसकी सूचना कुछ लोगों ने फैक्ट्री मालिक के भाई संदीप कुमार को दी। संदीप अपने साथी को साथ लेकर फैकट्री पहुंचा। लोगों को फैक्ट्री के अंदर घुसता देख दोनों चोर भागने लगे। सभी ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम ग्राम शिवलालपुर अमर झंडा निवासी नासिर और ग्राम कटैया निवासी सोनू सिंह बताया। दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। चोरों के पास से बरामद प्लास्टिक के कट्टे में चोरी किए गए रेलिंग के टुकड़े व हथौड़ी, आरी समेत अन्य सामान बरामद हुआ। उन्होंने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी वह फैक्ट्री से लोहा और अन्य सामान चोरी कर चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।