रुद्रपुर में राधा स्वामी सत्संग कार्यक्रम के मद्देनजर भारी वाहनों के लिए लागू नो-एंट्री को लेकर कार्रवाई के दौरान शनिवार दोपहर एक ट्रक चालक ने यातायात पुलिसकर्मी की जान जोखिम में डाल दी। प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसे तेज रफ्तार ट्रक को रोकने का यातायात उपनिरीक्षक ने प्रयास किया तो चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। इससे टीएसआई धनपाल सिंह ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना वायरलेस पर प्रसारित होते ही पुलिस और सीपीयू में खलबली मच गई। कुछ ही देर में त्रिशूल चौक पर घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया गया।
पुलिस के अनुसार, राधा स्वामी सत्संग में कार्यक्रम को देखते हुए किच्छा हाईवे की ओर से रुद्रपुर आने वाले भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। शनिवार दोपहर अचानक एक ट्रक नो-एंट्री पार कर शहर की ओर बढ़ने लगा। यातायात व्यवस्था में तैनात टीएसआई धनपाल सिंह ने चालक को रुकने का संकेत दिया। आरोप है कि रुकने के बजाय चालक ने ट्रक की गति और बढ़ा दी और टीएसआई को कुचलने का प्रयास किया। किसी तरह किनारे हटकर उन्होंने अपनी जान बचाई।
घटना की जानकारी वायरलेस पर मिलते ही सीपीयूकर्मियों ने ट्रक की घेराबंदी शुरू कर दी। ट्रक को त्रिशूल चौक की ओर आता देखकर सीपीयू कर्मी दीपक भट्ट, गणेश धपोला, गजेंद्र सिंह और प्रकाश कुमार ने बैरिकेडिंग कर उसे रोक लिया। चालक को नीचे उतारने के दौरान उसने सीपीयूकर्मियों से बहस शुरू कर दी। उसे हिरासत में लेने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बाद में सीपीयू ने चालक और ट्रक को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी विभव सैनी और कोतवाल प्रकाश दानू ने घटनाक्रम की जानकारी ली। सीओ सिटी ने बताया कि चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।