एनएच किनारे बिलासपुर क्षेत्र में खड़े 12 टायरा कैंटर पर बिजली का तार गिरने से आग लग गई। करीब 45 मिनट तक हाइवे में अफरा-तफरी रही। मौके पर पहुंचे दमकमलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक कैंटर का अगला हिस्सा और चार टायर पूरी तरह जल चुके थे।
बड़ी मार्केट पंतनगर निवासी अदालत सिंह का कैंटर (यूके06सीए 8147) को टैमरा फार्म बिलासपुर निवासी जसविंदर सिंह चलाता है। सोमवार की सुबह जसविंदर कैंटर को सोबती होटल के पास हाइवे किनारे खड़ा कर अपने घर चला गया। बताया जा रहा है कि करीब पांच बजे कैंटर पर ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन टूटकर गिर गई।
अगले हिस्से में छत पर रखे कागज के ढेर ने आग पकड़ ली। सड़क किनारे कैंटर जलता देख लोगों की भीड़ जुट गई। वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार ने खुद अग्निशमन दफ्तर पहुंचकर घटना की सूचना दी। तब दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। कोतवाल जेसी पाठक, एफएसओ हरीश गिरी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
दमकलकर्मियों ने पहले बिलासपुर विद्युत स्टेनश को फोन कर बिजली सप्लाई बंद करवाई और फिर आग बुझाने में जुट गए। बमुश्किल आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि आग डीजल टैंक तक नहीं पहुंच सकी। घटना से हाइवे में यातायात कईं बार बाधित रहा। लोग वाहन रोककर आग लगने और हताहतों की जानकारी पूछते रहे।
आग बुझने के बाद बिलासपुर की रुद्रबिलास चौकी इंचार्ज वीके मिश्रा भी वहां पहुंचे और चालक से जानकारी ली। इधर बिलासपुर ऊर्जा निगम के अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका।
लोग देखते रहे तमाशा, बनाते रहे वीडियो
कैंटर में आग लगने के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई। हाइवे से गुजर रहे लोग वाहन रोककर तमाशा देखने लगे। जिसके चलते सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। कोतवाल पाठक ने वहां पहुंचकर जाम खुलवाया और लोगों को सड़क से किनारे किया। इस दौरान लोग दमकलकर्मियों की मदद के बजाए फोटो खींचने और वीडियो बनाने मेें मशगूल रहे।
विद्युत सप्लाई बंद होने में लगे 20 मिनट
हाइवे पर जिस स्थान पर कैंटर खड़ा था, वो बिलासपुर क्षेत्र में है और विद्युत लाइन भी यूपी की है। तार कैंटर पर गिरने से करंट फैल गया था। चूंकि विद्युत लाइन यूपी की थी, इसलिए जिले के कंट्रोल रूम से बिलासपुर स्थित ऊर्जा निगम को सूचना दी गई। सूचना के आदान-प्रदान में ही करीब 20 मिनट लग गए। जिससे आग ने और विकराल रूप ले लिया। एफएसओ हरीश गिरी ने बताया विद्युत लाइन बंद होने में 20 मिनट का वक्त लगा था।