पुलिस व प्रशासन की टीम ने किच्छा रोड पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। अमरिया चौराहे से अतिक्रमण हटाने व जाम की समस्या से निपटने के लिये तहसीलदार ने बाजार पुलिस चौकी बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान मार्ग पर बेतरतीब खड़े 36 वाहनों के चालान काटे। नगर में अवैध अतिक्रमण के चलते आये दिन जाम लगा रहता है जिससे नगर वासियों को भारी पेरशानी का सामना करना पड़ता है। बुधवार को तहसीलदार आरसी गौतम व कोतवाल चंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस व राजस्व टीम ने किच्छा रोड पर अवैध अतिक्रमण हटाया। कस्बा इंचार्ज कमल कोरंगा ने मार्ग मे बेतरतीब ढंग से खडे़ 36 वाहनों के चालान काटे। अमरिया चौराहे पर अतिक्रमण और जाम को देखते हुए तहसीलदार गौतम ने कोतवाल को तत्काल पुलिस चौकी स्थापित करने की निर्देश दिये। कोतवाल ने अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने के लिये 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। बिष्ट ने कहा कि गुरुवार को खटीमा मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। टीम में ईओ सरिता राणा, एसएसआइ केपी टम्टा, एसआइ दिनेश नाथ समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।