रुद्रपुर। 12वीं पास युवाओं को कंपनियों और सरकारी क्षेत्रों में निजी सचिव बनने का मौका दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र खटीमा में 60 युवाओं का निजी सचिव के प्रशिक्षण के बनाने के लिए चयन किया गया है। छह माह के निशुल्क प्रशिक्षण के बाद परीक्षा में सफल युवाओं को निजी सचिव का प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में मुख्यमंत्री रोजगार एवं कौशल विकास योजना लांच की है। सेवायोजन विभाग की ओर से यूएस नगर में इस योजना को धरातल में उतार लिया गया है। जिले के खटीमा ब्लॉक स्थित कौशल विकास केंद्र में इस योजना के तहत 12वीं पास युवाओं को निजी सचिव का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में छह महीने तक युवा कंप्यूटर का बेसिक ज्ञान और शार्ट हैंड सीखेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री कौशल केंद्रों में परीक्षा होगी। परीक्षा में पास होने वाले युवाओं को निजी सचिव बनने का प्रमाणपत्र दे दिया जाएगा।
यहां हैं अवसर
जिला सेवायोजन अधिकारी आरके पंत ने कहा कि सरकारी क्षेत्रों व निजी कंपनियों में निजी सचिवों के बेहद मांग है, इसको देखते हुए मुख्यमंत्री रोजगार व कौशल विकास योजना के तहत खटीमा में 12वीं पास युवाओं को निजी सचिव बनने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं की सरकारी व निजी क्षेत्रों में आसानी से नौकरी लग सकती है। निजी कंपनियों और सरकारी क्षेत्रों में कार्यरत बड़े अधिकारियों को निजी सचिवों की जरूरत होती है। यह उनके पत्र लिखने व कंप्यूटर में एक्सेल सीट, पावर प्वाइंट आदि बनाने में सहायता करते हैं। कोर्ट में अधिवक्ताओं के निजी कार्य करने के लिए भी इनकी जरूरत होती है।
चाऊमीन, बर्गर आदि फास्ट फूड बनाने का भी मिलेगा प्रशिक्षण
रुद्रपुर। सेवायोजन विभाग की ओर से किच्छा में वर्ल्ड बैंक प्रोजेक्ट के तहत युवाओं को स्वरोजगार के लिए चाऊमीन, बर्गर, मोमो आदि फास्ट फूड बनाने का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें भी युवाओं को छह माह तक मल्टी स्किल तकनीशियन फास्ट फूड की जानकारी देंगे। दिनेशपुर में 720 बच्चों को एलईडी लाइट रिपेयर, सोलर पैनल इंस्टालेशन, बैटरी सिस्टम रिपेयर टेक्निशियन, सोलर पंप तकनीशियन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।