खटीमा। चकरपुर नर्सरी के सामने शनिवार को बाघ दिखने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बाघ का यह वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हो रहा है। वन विभाग ने आसपास गश्त बढ़ा दी है। शनिवार को चकरपुर में हाइवे के किनारे बनी नर्सरी के सामने कुछ लोगों ने बाघ को देखा। इसकी सूचना लोगों ने वन कर्मियों को दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने आसपास गश्त शुरू कर दी। जंगल में बाघ की गतिविधि पर नजर रखने के लिए चार कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। खटीमा उप वन प्रभाग की एसडीओ संचिता वर्मा ने बताया कि तीनों रेंज किलपुरा, खटीमा व सुरई में वन्यजीवों के लिए वॉटर होल बनाए गए हैं। भीषण गर्मी में प्यासे जानवर पानी पीने के लिए वॉटर होल की तरफ आ रहे हैं। इस कारण जंगलों में बाघों की गतिविधि भी अधिक बढ़ गई है। इधर, खटीमा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी महेश जोशी ने कहा कि जंगलों में लगाए कैमरा ट्रैप के माध्यम से बाघों की गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। साथ ही गश्त भी बढ़ा दी गई है।