100.39 करोड़ रुपये की लागत से टांडा जंगल के रेलवे फाटक और अशोक लीलैंड के पास बनने हैं रेलवे ओवरब्रिज
रुद्रपुर। दिनेशपुर-मटकोटा-हल्द्वानी मार्ग में बनने वाले दो रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) की डीपीआर बनने में ही तीन माह का समय लग गया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से अभी तक शासन को डीपीआर नहीं भेजी गई है। टांडा जंगल में रेलवे फाटक और अशोक लीलैंड के पास 100.39 करोड़ रुपये की लागत से आरओबी का निर्माण होना है।
केंद्र सरकार के सेतु बंधन योजना के तहत दिनेशपुर-मटकोटा-हल्द्वानी मार्ग में दो आरओबी के निर्माण के लिए सौ करोड़ से अधिक की मंजूरी मिल चुकी है। इसमें 17.025 किमी (टांडा जंगल) में बनने वाले आरओबी में 45.01 करोड़ और 14.900 किमी (अशोक लीलैंड के पास) में बनने वाले आरओबी में 55.38 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। लोक निर्माण विभाग की ओर से आरओबी बनाने का जिम्मा हरियाणा की खन्ना डिजायनर फर्म को मिला है। छतरपुर निवासी और कांग्रेस नेता किशोर कुमार, दिनेश पंत, मंगल सिंह, फरमान सिद्दीकी ने कहा कि इसको लेकर क्षेत्रवासियों ने लंबा संघर्ष किया था। इसका निर्माण कार्य अभी तक शुरू नही हो पाया है।