बुधवार की सुबह प्रतापपुर में सड़क किनारे गड्ढे में मिला था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
काशीपुर। पुलिस ने प्रदीप थापा की हत्या के आरोप में अमरजीत उर्फ सोनू निवासी धनौरी पट्टी और दो अज्ञात लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। प्रदीप का शव बुधवार की सुबह प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे एक गड्ढे में पड़ा मिला था।
धनौरी पट्टी प्रतापपुर निवासी संजय बहादुर ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि तीन जुलाई की शाम उसके भाई प्रदीप को अमरजीत सिंह उर्फ सोनू निवासी धनौरी प्रतापपुर घर से बुलाकर ले गया था। पांच जुलाई की सुबह उसके भाई का शव प्रतापपुर में मिला था। संजय ने कहा कि उसके भाई की जेब में 50 हजार रुपये रखे थे। सोनू ने उसके भाई से रुपये उधार लिए थे। रुपयों को लेकर उसके भाई की सोनू से कई बार झगड़ा भी हुआ।
उधर, प्रदीप के परिजन मेडिकल रिपोर्ट पर विश्वास नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रदीप तीन जुलाई की रात 8 बजे से गायब था। उसका शव एक छोटे से पानी के गड्ढे में मिला था। शव के शरीर पर चोट के निशान साफ नजर आ रहे थे। मेडिकल में मृत्यु का कारण पानी में डूबना बताया गया है, जो किसी के गले नहीं उतर रहा है। मृतका की चाची गीता ने कहा कि जहां पर शव मिला वहां पर उन्होंने चार जुलाई की देर शाम तक देखा तब शव वहां नहीं था। मृतक प्रदीप के भाई संजय बहादुर ने कहा कि इतनी गर्मी में दो दिन तक शव से दुर्गंध आ जाती है लेकिन प्रदीप का शव से न तो दुर्गंध आ रही थी न ही पेट पानी भरने से फूला था। परिजनों ने कहा कि हत्या कर शव सड़क किनारे फेंका गया। वहीं कोतवाली प्रभारी मनोज रतूड़ी ने बताया कि आरोपी अमरजीत सिंह से पुलिस पूछताछ कर रही है। दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इनसेट......
शराब पिलाकर हत्या करने का आरोप
काशीपुर। मृतक प्रदीप थापा के परिजनों ने अमरजीत सिंह उर्फ सोनू पर प्रदीप थापा को शराब पिला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने बताया कि प्रदीप थापा शराब रोज नहीं पीता था, लेकिन अमरजीत सिंह ही कभी-कभी उसे अपने साथ लेकर शराब पिलाता था। तीन जुलाई की रात भी अमरजीत सिंह प्रदीप को घर से बुलाकर ले गया और उसने अपने साथियों के साथ उसे शराब पिला कर हत्या कर दी और शव फेंक दिया। संवाद