गदरपुर। महतोष पुलिस चौकी से 500 मीटर की दूरी पर चोरों ने व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष समेत तीन दुकानों के ताले तोड़ कर लाखों रुपये का सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
बीती रात महतोष बाजार में चोरों ने गुरु चांद कलेक्शन, कालड़ा मेडिकल स्टोर एवं साईं टेलीकॉम ग्राहक सेवा केंद्र के ताले तोड़ दिए। बृहस्पतिवार की सुबह नौ बजे दुकान खोलने पहुंचे व्यापारियों ने ताले टूटे हुए देखे तो उनमें रोष फैल गया। एसआई पवन जोशी ने दुकानदारों से घटना की जानकारी लेने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। कैमरों में चोर बेखौफ होकर चोरी की घटना को अंजाम देते हुए नजर आए।
गुरु चांद कलेक्शन के स्वामी और महतोष व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष गुरु चांद ढाली ने बताया कि दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी किया गया है। साईं टेलीकॉम के स्वामी राजू मलिक ने बताया कि चोर ग्राहक सेवा केंद्र में रखे लॉकर को भी चुराकर उसके ताले तोड़कर रखी हुई करीब 50 हजार की नकदी चुरा ले गए। वहीं, कालड़ा मेडिकल स्टोर के स्वामी गौरव कालड़ा ने बताया उनके यहां से गल्ले में रखी करीब डेढ़ हजार रुपये की नकदी और दवाइयां चोरी हुई हैं। थानाध्यक्ष भुवन चंद्र जोशी ने भरोसा दिया कि पुलिस टीम संदिग्ध लोगों पर नजर बनाए है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। संवाद
आक्रोशित दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ किया प्रदर्शन
गदरपुर। महतोष बाजार में चोरी की घटना से आक्रोशित दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। व्यापार मंडल के महामंत्री महेंद्र सिंह उर्फ राजू डूमडा के नेतृत्व में एकत्र व्यापारियों ने पुलिस की कार्य प्रणाली पर रोष जताते हुए प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि पूर्व में भी महतोष बाजार में चोरों ने कई दुकानों के ताले तोड़कर घटनाओं को अंजाम दिया था, जिसका पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर सकी है। आरोप लगाया कि पुलिस न तो बाजार में नियमित गश्त करने आती है और न ही संदिग्ध लोगों का चिह्नीकरण कर रही है। डूमड़ा ने चेतावनी दी कि पुलिस ने अगर 24 घंटे के अंदर चोरी की घटना का खुलासा नहीं किया तो व्यापारी बाजार बंद करने को बाध्य होंगे। वहां गोपाल मंडल, नरेश बजाज, तपस मिस्त्री, सुशील बजाज, सुरेश विश्वास, मुकेश राय, रंजन भक्त, मनोज कुमार आदि मौजूद थे। संवाद