चोरी में जेल गए आरोपी ने की थी बारदाना कारोबारी की दुकान में चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
गदरपुर। एक सप्ताह पूर्व बारदाना कारोबारी की दुकान में हुई चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। छह दिन पहले सरकारी स्कूल में चोरी करने के आरोप में जेल गए युवक ने की दुकान में भी चोरी की थी। सीसीटीवी में चिह्नित करने के बाद गदरपुर पुलिस ने अदालत की अनुमति से जेल में बंद आरोपी को रिमांड पर लिया और उसकी निशानदेही पर मंदिर के परिसर में काले रंग की थैली में छुपाकर रखे गए 90,200 रुपये बरामद कराए। इसके बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
दरअसल बीते 29 जून को अनाज मंडी मोड पर वार्ड नंबर एक निवासी बारदाना कारोबारी अनुज जैन की गैरमौजूदगी में चोर ने दुकान में रखी तिजोरी का ताला तोड़कर एक लाख दस हजार रुपये चुरा लिए थे। सूचना मिलने पर एसओ की अगुवाई में टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेल खंगाले थे। फुटेज में एक संदिग्ध चिह्नित हुआ और इसकी पहचान वार्ड नंबर तीन, चंदनगढ़ थाना दिनेशपर निवासी राहुल विश्वास के रूप में हुई थी। पुलिस ने राहुल के घर दबिश दी तो पता चला कि दिनेशपुर पुलिस ने दो जुलाई को उसे एक सरकारी स्कूल में हुई चोरी के आरोप में जेल भेजा था। राहुल ने गदरपुर में भी एक चोरी की वारदात करना कबूला था। इसके बाद विवेचक एसआई पूरन सिंह तोमर ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर राहुल की पीसीआर रिमांड की अनुमति ली थी। अदालत से अनुमति मिलने पर पुलिस टीम राहुल को लेकर चंदनगढ़ पहुंची। राहुल की निशानदेही पर उसके घर के पास काली माता मंदिर के परिसर में काले रंग की थैली में छुपाकर रखे गए 90,200 रुपये बरामद किए थे। एसओ राजेश पांडेय ने बताया कि राहुल विश्वास को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के बाद अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है।