काशीपुर में चोरी के बाद कमरे का टूटा कुंडा। अमर उजाला
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर हजारों की नकदी और जेवर चोरी कर लिए। पीड़ित ने एक युवक पर आरोप लगाकर पुलिस में तहरीर सौंपी।
बरेली के ग्राम मुंडिया चेतराम निवासी आशीष मिश्रा यहां खड़कपुर स्थित सत्यम पैलेस के पास एक मकान में किराए पर रहता है। वह महुआखेड़ा गंज स्थित फ्लैक्सी टफ फैक्ट्री में ऑपरेटर चेकर के पद पर कार्यरत है। आशीष मंगलवार को अपनी पत्नी के साथ अपने गांव बीमार मां को देखने गया था। बुधवार सुबह लौटा तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। ताला नाली में पड़ा हुआ था। आशीष ने घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे का सारा सामान फैला हुआ था। घर में रखी नकदी और जेवर गायब थे। आशीष ने आईटीआई थाने पहुंचकर कर एक युवक पर चोरी का शक जताते हुए तहरीर सौंपी। उक्त युवक भी अपनी पत्नी के साथ थाने पहुंच गया। आशीष ने आरोप लगाया कि जिस युवक ने उसके घर चोरी की है वह पहले उसी घर में दुमंजिले में रहता था। वह नशेड़ी है और उसके घर नशेड़ी किस्म के लोगों का आना जाना था। करीब तीन महीने पहले उक्त युवक ने कमरा छोड़ दिया। लेकिन उसका सामान आज भी किराए के मकान में ही है। आशीष ने कहा कि चोर केवल उसके घर का सामान चोरी कर ले गए जबकि उसके ऊपर रहने वाले आरोपी युवक के कमरे का ताला नहीं तोड़ा। पुलिस ने आरोपी युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। आशीष ने बताया कि चोर उसके घर से 10 हजार की नकदी, एक सोने का हार, बिछुआ, चांदी की पाजेब और सोने की दो अंगूठी चोरी कर ले गए।