रुद्रपुर के मलसा गिरधारपुर में घर की अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और 24 हजार रुपये चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना के समय नाबालिग रही एक बालिका को संरक्षण में लेकर उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवरात बरामद कर लिए हैं। नकदी की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
22 सितंबर को चोरी की सूचना पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। उपनिरीक्षक निर्मल सिंह लटवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की। विवेचना में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध बालिका से पूछताछ की। 28 सितंबर को उसकी निशानदेही पर उसके घर से चोरी का पूरा जेवरात बरामद हुआ।
बरामद सामान में सोने की दो चेन, पांच अंगूठियां, एक हार, दो पेंडेंट, 11 जोड़ी टॉप्स और नाक के तीन आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा तीन पुरानी पायल, एक नई जोड़ी पायल, चार बिछुए और एक चांदी का सिक्का मिला है। परिजनों ने बरामद जेवरात की पहचान चोरी हुए सामान के रूप में की। पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। बालिका को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।