सितारगंज में फैक्टरी से चोरी गए बरामद सिलिंडरों के साथ पुलिस टीम।
- फोटो : SITARGANJ
सितारगंज। सिडकुल की फैक्टरी से चोरी सिलिंडरों के साथ चार आरोपियों को पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया। उनसे बरामद सभी 82 सिलिंडर भी जब्त कर लिए।
बीते शनिवार को सिडकुल की यूआई फैब्रीकेटर्स कंपनी के एकाउंट मैनेजर मो. अतहर ने पुलिस को तहरीर देकर बीती 26 जनवरी को कंपनी के स्टोर से 80 सिलिंडर चोरी होने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। रविवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम चांदपुर थाना माधोटांडा जिला पीलीभीत (यूपी) निवासी ज्ञानेंद्र कुमार, बांसखेड़ा गांव के अरविंद कुमार उर्फ कमलेश व यहां के सरकड़ा गांव निवासी भूपेंद्र सिंह उर्फ राणा को उकरौली गांव को जाने वाली सड़क पर पकड़ लिया। तीनों की निशानदेही पर भूपेंद्र के घर में छिपाकर रखे 76 एलपीजी सिलिंडर बरामद किए। छह सिलिंडर वार्ड संख्या तीन निवासी आबिद अली के घर से मिले। कोतवाल सलाहउद्दीन ने बताया कि चारों आरोपियों को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया। टीम में सिडकुल चौकी प्रभारी चंदन बिष्ट, जगदीश कोठियाल, रोहित गोस्वामी, कमलनाथ गोस्वामी, भूपेंद्र प्रसाद, जगदीश लोहनी, बलवंत सिंह आदि थे।