रुद्रपुjर ध्ाjरना देते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
ट्रेड यूनियनों की एक दिवसीय देश व्यापी हड़ताल से अर्द्ध सरकारी बैंकों के साथ ही रोडवेज परिवहन निगम और सिडकुल को लाखों का घाटा झेलना पड़ा। विभिन्न संस्थानों से जुड़े 14 ट्रेड यूनियनों ने हड़ताल में भागीदारी कर कामकाज पूरी तरह बंद रखा। कर्मचारियों की हड़ताल से रोडवेज परिवहन निगम की बसों के पहिये आधे दिन तक जाम रहे। इससे जहां विभिन्न रूटों पर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं निगम को भी लाखों की आय का नुकसान हुआ। रोडवेज परिवहन निगम के एआरएम केएस राणा ने बताया कि 12 घंटों तक बसों का संचालन बंद होने से निगम को करीब तीन लाख की आय का घाटा हुआ है। अर्द्ध सरकारी बैंकों के भी हड़ताल में शामिल होने से बैंकों की करोड़ों की आय प्रभावित हुई है। ऑल इंडिया बैंक इंप्लायज एसोसिएशन के जिला सचिव समीर कुमार के अनुसार सभी अर्द्ध सरकारी बैंक शुक्रवार पूरे दिन भर बंद रहे। इससे बैंकों की करीब सौ से सवा करोड़ की आय प्रभावित हुई। टाटा मोटर्स लिमिटेड श्रमिक संघ के अध्यक्ष दिनेश आर्या ने बताया कि हड़ताल से सिडकुल की फैक्ट्रियों के पचास फीसदी काम बाधित हुए हैं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के हड़ताल में शामिल नहीं होने से ग्राहकों को कुछ राहत मिली है।