पंतनगर। सूबे के राज्यपाल एवं विवि के कुलाधिपति ले. जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पंतनगर के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान का कार्यकाल छह माह के लिए बढ़ा दिया है। बताते चलें कि डॉ. चौहान का तीन वर्षीय कार्यकाल बीते 28 अगस्त 2024 को समाप्त हो चुका है। परंतु नए कुलपति के चयन की प्रक्रिया में समय लगने के कारण शासन ने विश्वविद्यालय अधिनियम 1958 की धारा-11 के तहत उनका कार्यकाल छह माह अथवा नए कुलपति की नियुक्ति होने तक के लिए बढ़ा दिया गया था। अभी तक नए कुलपति की चयन प्रक्रिया पूरी नहीं होने से एक बार उनका कार्यकाल पुनः छह माह अथवा नए कुलपति की नियुक्ति होने तक के लिए बढ़ाया गया है। अब डॉ. चौहान अगले छह माह अथवा नए कुलपति की नियुक्ति होने तक पंत विवि के कुलपति बने रहेंगे। इस आशय के आदेश शुक्रवार को राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन की ओर से जारी किए गए हैं।