रुद्रपुर में कर चोरी करने वालों के खिलाफ राज्य कर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आयुक्त कर प्रतीक जैन के निर्देश पर रुद्रपुर में एसआईबी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच) टीम ने एक साथ छह प्रतिष्ठानों पर छापा मारा।
संयुक्त आयुक्त श्याम तिरुवा के नेतृत्व में गठित टीम ने रुद्रपुर के ऑटो सेक्टर से जुड़े पांच बड़े सप्लायर और एक नामी रियल एस्टेट डेवलपर के यहां जांच की। जांच के दौरान बड़े पैमाने पर कर अपवंचन का मामला सामने आया। मौके पर ही 1.55 करोड़ रुपये का राजस्व जमा कराया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपायुक्त मो. इसहाक खान, सहायक आयुक्त डॉ. रिकेन सिंह, अमर कुमार, राज्य कर अधिकारी मुकेश पांडे, विश्वजीत सिंह बिष्ट, आकांक्षा बोरा और निशा बिष्ट शामिल रहे। विभाग ने साफ किया है कि कर चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।