रुद्रपुर जिला अस्पताल में भर्ती घायल श्याम।
- फोटो : RUDRAPUR
दिनेशपुर। मछली खरीदने गए युवक की दुकानदार से कहासुनी हो गई। आरोप है कि दुकानदार ने मछली काटने वाले धारदार हथियार से ही ग्राहक पर हमला कर दिया जिससे वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी दुकानदार मौके से फरार हो गया है।
कालीनगर के टावर पाड़ा निवासी कमलेश मंडल और नेतानगर निवासी श्याम मालाकार ऑटो चलाते हैं। बताया जाता है कि कमलेश दिन भर ऑटो चलाने के बाद शाम को अपने चाचा की मछली की दुकान पर हाथ बंटाता है। पुलिस के अनुसार रविवार की देर शाम कमलेश चाचा की मछली की दुकान पर बैठा था, इसी बीच श्याम वहां आ गया। बताया जाता है कि दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
आरोप है कि कमलेश ने मछली काटने वाले धारदार हथियार से श्याम पर वार कर दिया जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। खून से लथपथ युवक को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर एसआई नवीन जोशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि कमलेश का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल वह खतरे से बाहर है। उधर, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। इस मामले में अभी थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। संवाद।