रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत से मुलाकात कर नगला क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उनके समक्ष उठाया। नगला में निवास कर रहे 738 परिवारों के हितों का संरक्षण करने की मांग की।
पूर्व विधायक ने बताया कि सीएम के निर्देश पर मंत्री मंडलीय उपसमिति ने नगला के संबंध में न्यायालय में चल रहे वाद का निस्तारण करने के लिए कुमाऊं आयुक्त की अध्यक्षता में एक विशेष समिति का गठन किया है। उप समिति नगला क्षेत्र में न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए विकास और अतिक्रमण से जुड़े मुद्दों का समाधान निकालेगी।
उन्होंने कमिश्नर से हाईकोर्ट के निर्देश के क्रम में नगला क्षेत्र का समग्र सीमांकन करने और उसके बाद ही कोई अंतिम निर्णय लेने की मांग की। शुक्ला ने बताया कि आयुक्त ने नगला क्षेत्र से जुड़े हर पहलू पर पूरी गंभीरता से विचार करने की बात कही है।