आयकर विभाग की तीन स्थानों पर छापेमारी
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर शहर में सोमवार सुबह आयकर विभाग की टीम के पहुंचने से हलचल मच गई। चार से पांच वाहनों में आई टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर जांच की। टीम की गतिविधियों को लेकर दिनभर चर्चाएं होती रहीं।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम सबसे पहले सिविल लाइंस स्थित एक अस्पताल पहुंची। यहां आवश्यक जानकारी जुटाने के बाद टीम विशाल मेघा मार्ट स्थित एक जिम में पहुंची। बताया जा रहा है कि यहां भी टीम ने कुछ लोगों से पूछताछ की।
इसके बाद टीम रामपुर जिले के बिलासपुर स्थित बत्रा कॉलोनी पहुंची, जहां शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक के आवास पर जांच की गई। एक के बाद एक तीन स्थानों पर टीम की कार्रवाई से चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
हालांकि, अस्पताल, जिम और चिकित्सक के आवास पर की गई जांच के बीच क्या संबंध है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। आयकर विभाग की ओर से भी अब तक कार्रवाई के कारणों और जांच के बिंदुओं को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में कार्रवाई की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।