सितारगंज।
एसएच अस्पताल में डिलीवरी के 24 घंटे बाद (बृहस्पतिवार को) हुई प्रसूता की मौत की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम सितारगंज पहुंची। यहां उन्होंने प्रसूता की मौत के सही कारणों को पता करने के लिए तथ्यों की जांच की। शनिवार को एसीएमओ डॉ. एसपी सिंह और एसीएमओ डॉ. डीपी सिंह एसएच अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने डाॅक्टरों से प्रसूता के अस्पताल में भर्ती होने से लेकर उसकी मौत होने के बीच उसे दिए गए उपचार की जानकारी ली। साथ ही, बीएचटी (बेड हेड टिकट) की जांच की। इस दौरान उन्होंने डॉक्टर और नर्स सहित घटना के दिन ड्यूटी तैनात अन्य स्टाफ के बयान दर्ज किए। इधर, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि एसीएमओ डॉ.एसपी सिंह और डॉ. डीपी सिंह ने अस्पताल के डॉक्टर, नर्स और स्टाफ का बयान दर्ज किए हैं। जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य तथ्यों में दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद