रुद्रपुर। रंपुरा चौकी क्षेत्र निवासी जय सिंह (75) का सड़ागला शव ट्रेनिंग सेंटर (डायट) के खंडहर से बरामद हुआ है। शुक्रवार को कोतवाली में पहुंचे प्रीत विहार निवासी राधेश्याम ने पुलिस को बताया कि उसके ससुर जय सिंह कुछ दिन से घर नहीं आए हैं। वह डायट में सरकारी जमीन लीज पर लेकर खेतीबाड़ी करते थे। सूचना पर रंपुरा चौकी इंचार्ज कविंद्र शर्मा टीम के साथ डायट में पहुंचे और तलाश शुरू की जहां खंडहरनुमा भवन में बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। जमीन पर बुजुर्ग चादर बिछाकर पड़े थे। पास में ही एक पानी की बोतल भी बरामद हुई। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता चलेगा।