शहर के अधिकांश पंपों में पेट्रोल नहीं मिलने से लोग परेशान रहे। पंप में घंटों इंतजार के बाद भी लोगों को पेट्रोल नहीं मिला। तेल नहीं मिलने से लोग घरों से इधर-उधर भी नहीं निकल सके। वहीं पंप स्वामियों ने भी नो पेट्रोल के बोर्ड चस्पा कर दिए। कई पेट्र्रोल पंप बंद भी रहे। हालांकि मंगलवार सुबह तक आपूर्ति बहाल होने की संभावना है। कुमाऊं में एक अप्रैल से पेट्रोल आपूर्ति चरमराई हुई है। सोमवार को सुबह से ही लोग शहर के पेट्रोल पंपों पर तेल लेने पहुुंचे। मगर अधिकतर पेट्रोल पंप ड्राई मिले। एकाद पेट्रोल पंपों में दोपहर तक पेट्रोल मिला भी तो उसके बाद वहां भी नो पेट्रोल के बोर्ड चस्पा कर दिए गए। सूत्रों के अनुसार क्षेत्र मेें पानीपत रिफायनरी से पेट्रोल आपूर्ति की जाती है। मगर इन दिनों रिफायनरी में मरम्मत कार्य होने के कारण मथुरा से सप्लाई दी जा रही है। लेकिन मथुरा में मांग अधिक होने के कारण पर्याप्त पेट्रोल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। जसपुर काशीपुर में दिक्कत नहीं है, क्योंकि वहां रुड़की से सप्लाई होती है। आईओसी के रीजनल सेल्स आफीसर पंकज कुमार ने बताया कि सोमवार रात तक रैक आ जाएगी। इसके साथ ही पूरे कुमाऊं भर में आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।