रुद्रपुर। मेयर विकास शर्मा ने प्रशासनिक अमले के साथ खेड़ा में अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। बृहस्पतिवार को नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर भविष्य की विकास योजनाओं का खाका खींचा। बताया कि खाली कराई गई जमीन में पर्यावरण मित्रों के लिए निशुल्क आवास और एक इंटर कॉलेज का निर्माण प्रस्तावित है। मौके पर भूमि का वर्गीकरण किया गया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने मेयर की मांग पर इस भूमि पर पर्यावरण मित्रों के लिए आवास और एक सरकारी इंटर कॉलेज का निर्माण करने का फैसला लिया है। मेयर ने बताया है कि आवासीय परिसर और शैक्षणिक संस्थान के निर्माण के बाद जो भूमि शेष बचेगी उसका उपयोग भी जनहित में किया जाएगा। जल्द ही मुख्यमंत्री आवास और इंटर कॉलेज का शिलान्यास करेंगे। एडीएम पंकज उपाध्याय ने कहा कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई जमीनों की सुरक्षा और उनके जनहित में उपयोग के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।