रुद्रपुर जिला अस्पताल परिसर में जल्द अस्थायी पुलिस चौकी खुलेगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में एसएसपी को निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को जिला अस्पताल के इमरजेंसी के पास मुख्य द्वार पर व्यवसायी नितेश जौहरी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े सैकड़ों मरीजों और तीमारदारों के बीच हुई इस घटना से अस्पताल में दहशत फैल गई थी। कई मरीज बिना इलाज कराए ही लौट गए थे। घटना के समय अस्पताल में मात्र दो पीआरडी जवान तैनात थे। एक जवान ने बीच-बचाव का प्रयास किया लेकिन हत्यारोपियों के आगे वह बेबस हो गया।
घटना के बाद चिकित्सकों में भी डर का माहौल है। चिकित्सकों का कहना है कि अस्पताल में हर तरह के लोग आते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा भी जरूरी है। मेयर विकास शर्मा ने बताया कि उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी को पूरी घटना की जानकारी दी है। मुख्यमंत्री ने घटना को गंभीरता से लिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मेयर ने बताया कि सीएम ने एसएसपी अजय गणपति को मेडिकल कॉलेज परिसर में अस्थायी पुलिस चौकी तत्काल खोलने के निर्देश दिए हैं। चौकी खुलने से अस्पताल में पुलिस की मौजूदगी बनी रहेगी और इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सकेगी।