बाजपुर। बन्नाखेड़ा जंगलात टीम ने मलेरिया रोड पर एक खेत से साढ़े तीन घनमीटर सागौन की लकड़ी बरामद की। बताते हैं कि तस्कर डंपर से एक खेत में सागौन की लकड़ी छोड़कर भाग गए। बरामद लकड़ी की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई। बन्नाखेड़ा वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर कपिल ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बीते सोमवार शाम को जंगलात टीम ने मलेरिया रोड स्थित एक खेत से सागौन की लकड़ी बरामद की। जिसे कब्जे में लेकर बन्नाखेड़ा रेंज में रखा गया। खेत मालिक को सागौन लकड़ी के बारे में कुछ नहीं पता था। जंगलात टीम अब तस्कर को चिह्नित करने में जुटी है।