देहरादेन में शिक्षिका विनीता को सम्मान देते कैबिनेट मंत्र
रुद्रपुर। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फाजिलपुर महरौला में तैनात जीव विज्ञान की प्रवक्ता विनीता जगदीश चौधरी को तृतीय उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा प्रसार सम्मान 2023 से सम्मानित किया गया है। देहरादून में आईआरटीडी सभागार में आयोजित अध्यापक कानक्लेव में सहकारिता व उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और यूसर्क के निदेशक डॉ. अनिल रावत ने विनीता को प्रशस्ति पत्र, 11 हजार रुपये की नकद राशि और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। यह पुरस्कार राज्य के 15 शिक्षकों को विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों पर दिए जाते हैं। विनीता को सम्मान राज्य में विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में किए गए बेहतर कार्यों के चलते दिया गया है। विनीता ब्लाक विज्ञान समन्वयक के साथ ही ईको क्लब प्रभारी भी हैं।
पैरा खिलाड़ी नीलिमा और निर्मला एशियन गेम्स के लिए चयनित
रुद्रपुर। चीन के हांगझाऊ में 16 से 30 अक्तूबर तक चौथे एशियाई खेल होंगे। इसकी लॉन बॉल स्पर्धा के लिए 13 खिलाड़ियों की भारतीय टीम चुनी गई है। इन खिलाड़ियों में दिनेशपुर के कालीनगर निवासी पैरा खेलों की ऑलराउंडर खिलाड़ी नीलिमा राय और हल्द्वानी निवासी निर्मला मेहता भी शामिल हैं।
नीलिमा ने बताया कि वर्ष 2022 में हुई राष्ट्रीय पैरा लॉन बॉल के युगल वर्ग में उन्होंने स्वर्ण, एकल में रजत, मिश्रित युगल वर्ग में कांस्य पदक जीता था। मंडी निदेशालय में अनुसेवक के पद पर कार्यरत नीलिमा को पहली बार एशियन गेम्स में खेलने का मौका मिला है।
इधर, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय हल्द्वानी में दैनिक वेतनभोगी लिपिक के पद पर कार्यरत निर्मला मेहता ने बताया कि एशियन गेम्स में खेलने के लिए उन्हें खेल की व्हीलचेयर समेत कई उपकरणों की जरूरत है। इसके लिए उन्हें करीब साढ़े तीन लाख रुपये जुटाने पड़ेंगे। दोनों खिलाड़ियों को चार लॉन बॉल, जैक, बॉल लिफ्टर, मैट आदि विदेशी उपकरण खरीदने हैं। इन उपकरणों को वह इंग्लैंड से मंगाने का प्रयास कर रहे हैं।