राइंका झनकट के गेट पर अभिभावकों ने की तालाबंदी, प्रधानाचार्य और अभिभावकों की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया
संवाद न्यूज एजेंसी
खटीमा। राजकीय इंटर कॉलेज झनकट के शिक्षक पर छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आक्रोशित अभिभावकों ने शिक्षक पर कार्रवाई के विरोध में कॉलेज गेट पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। इधर, प्रधानाचार्य सुभाष सिंह राणा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक नफीस अहमद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ वीर सिंह ने बताया कि आरोपी पर आईपीसी की धारा 354 समेत लैंगिक अपराध संरक्षण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इंटर कॉलेज की छात्राओं की छेड़छाड़ की शिकायत पर आक्रोशित अभिभावक और शिक्षक-अभिभावक संघ के कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे। उनका आरोप था कि अंग्रेजी प्रवक्ता आए दिन स्कूल की छात्राओं से छेड़छाड़ करता है। लोगों ने कॉलेज गेट पर ताले जड़ दिए गए और प्रधानाचार्य का घेराव किया। पीड़ित अभिभावकों का आरोप था कि प्रधानाचार्य ने 20 जुलाई की छेड़छाड़ की घटना पर दूसरे दिन स्कूल में हंगामा होने तक कोई कार्रवाई नहीं की। मौके पर पहुंचे एसएसआई अशोक कुमार ने पूछताछ के बाद बताया कि प्रधानाचार्य के अनुसार आरोपी शिक्षक अवकाश पर है। मौके पर पहुंचे एसडीएम रवींद्र सिंह बिष्ट ने भी आरोपी शिक्षक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने नाराजगगी जताई। उन्होंने बताया कि आरोपी शिक्षक दो माह पूर्व भी एक अन्य छात्रा से छेड़छाड़ कर चुका था। तब प्रधानाचार्य सुभाष सिंह राणा ने संबंधित शिक्षक पर कार्रवाई के बजाए पीड़ित पक्ष से समझौता कराया था। इस दौरान थारू जनजाति की 13 छात्राओं ने एसडीएम और एसएसआई के समक्ष अपना पक्ष रखा। एसडीएम के कड़ी कार्रवाई के आश्वासन पर एकत्रित भीड़ का आक्रोश शांत हुआ। वहां पर बजरंग दल के जिला संयोजक हिमांशु कन्याल, सोनू दत्ता, संजीव विश्वास, नितिन नाथ, प्रेम राजपूत, सोनू कटियार, जितेंदर, गीता शर्मा, ठग्गो देवी आदि थे। इधर, हिमांशु कन्याल ने कहा कि आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होने तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।
अभिभावकों ने लगाए गंभीर आरोप
खटीमा। छात्राओं की महिला अभिभावकों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपकर छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले प्रवक्ता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में प्रवक्ता पर छात्राओं को अकेले बुलाने, धर्म परिवर्तन करने, मुंह मांगा खर्चा देने, बात न मानने पर फेल करने की धमकी आदि के गंभीर आरोप लगाए हैं। तहरीर में सोनी देवी, रंजीता राणा, जितेंद्र सिंह, राखी देवी, मौसमी, दीवान आर्य, गीता देवी, ममता आदि के हस्ताक्षर हैं। संवाद
कोटअंग्रेजी के प्रवक्ता खिलाफ प्रधानाचार्य ने तहरीर दे दी है। शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर आरोपी शिक्षक के निलंबन की संस्तुति की गई है। छेड़छाड़ के मामले को हल्केपन में लेने वाले प्रधानाचार्य के खिलाफ यदि पीड़ित अभिभावक और अभिभावक संघ तहरीर देते हैं तो प्रधानाचार्य को भी यहां से हटाए जाने की संस्तुति की जाएगी। -रवींद्र सिंह बिष्ट, एसडीएम खटीमा।कोट
- राइंका झनकट की छात्राओं से छेड़छाड़ के मामले की जांच रिपोर्ट मांगी गई है। विभाग इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगा। रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भी भेजी जाएगी।
- रमेश चंद्र आर्य, सीईओ ऊधम सिंह नगर।