खटीमा। माह भर पहले गुजरात के आकर स्कूल में विलेज क्वारंटीन रहे पिता-पुत्र में पिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। कोरोना वायरस से मौत की आशंका को लेकर स्वास्थ्य कर्मी भी अलर्ट मोड पर रहे। जांच टीम लीडर ने बताया कि शव मोर्चरी में रखवाकर सैंपल जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट होगी।
जानकारी के अनुसार, नारायण नगर क्षेत्र निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति की शनिवार सुबह अचानक हालत बिगड़ने पर 108 सेवा से नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां डॉ.केसी पंत ने मृत घोषित किया। अस्पताल में मृतक के पुत्र ने बताया कि वह अपने पिता के साथ गुजरात के जिला द्वारिका के मीठापुर में टाटा केमिकल में काम करता है, कोरोना के चलते वह अपने पिता के साथ 22 मई को खटीमा पहुंचा। दोनों को ही स्वास्थ्य टीम ने जांच के बाद नगरा तराई के स्कूल में क्वारन्टीन किया था। दोनों 4 जून को घर आए। सुबह उसके पिता के सीने में दर्द उठा और उल्टी भी हुई, इस पर अस्पताल लाए तो मृत घोषित किया। इधर डॉ. पन्त ने पुलिस को मेमो भेजकर व्यक्ति को मृत अवस्था में लाने की सूचना दी।
इधर, नागरिक अस्पताल के कोरोना जांच टीम लीडर डॉ.मिश्रा ने बताया कि दोनों गुजरात से आने के बाद स्कूल में क्वारंटीन हुए थे। शव को मोर्चरी में रखवा दिया है, साथ ही सैंपल जांच को भेजा जा रहा है।