काशीपुर के गन्ना आयुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक में मौजूद गन्ना आयुक्त व अन्य अधिकारी। संवाद
- फोटो : KASHIPUR
गन्ना आयुक्त हंसा दत्त पांडे ने कहा कि प्रदेश में एक गांव में एक ही चीनी मिल का गन्ना सेंटर खोला जाएगा। अगर गांव में गन्ना अधिक पैदा हुआ है तो उसी चीनी मिल का दूसरा गन्ना सेंटर खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रफल से ज्यादा पट्टा पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह निर्देश गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग आयुक्त पांडे ने बुधवार को सहायक गन्ना आयुक्तों, सहकारी गन्ना विकास समितियों व गन्ना विकास परिषदों की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में पेराई सत्र 2022-23 में सहकारी गन्ना विकास समितियों में पर्ची निर्गमन, डाटा फीडिंग, डाटा निर्गमन, गन्ना मूल्य भुगतान, उर्वरक -कीटनाशक, ऋण वितरण, बैलेंस सीट, गन्ना सर्वेक्षण आदि की समीक्षा की गई।
इसके अलावा महत्वपूर्ण कार्यों को कंप्यूटरीकृत किए जाने के साथ ही एचडीएफसी बैंक एवं अन्य संस्था के साथ किए अनुबंध में की गई अद्यतन कार्यवाही की भी समीक्षा की गई। बैठक में प्रचार एवं जनसंपर्क अधिकारी नीलेश कुमार, सहायक गन्ना आयुक्त ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार से सभी ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, समस्त सचिव, प्रभारी सचिव आदि मौजूद रहे। संवाद