शक्तिफार्म। गोविंदनगर पाड़ागांव में मंगलवार सुबह एक विवाहिता बाथरूम में बल्ली के सहारे फंदे से लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने ससुरालियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को गोविंदनगर (पाड़ागांव) निवासी अंजू बानिक (28) पत्नी कमल बानिक ने सुबह करीब पांच बजे बाथरूम में साड़ी से फंदा बनाया और बाल्टी पर चढ़कर बल्ली से लटक गई। पति कमल ने बताया कि बाल्टी के गिरने से हुई आवाज पर वह दौड़कर बाथरूम की तरफ पहुंचा और दरवाजा तोड़कर विवाहिता को फंदे से नीचे उतारा लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुकी थी। उनका विवाह करीब आठ साल पहले कमल से हुआ था। दोनों का एक बेटा (7वर्ष) और एक बेटी (3वर्ष) है।
टांडा पीलीभीत निवासी मृतका के परिजनों ने ससुरालियों पर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ससुराल के प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या की। चौकी प्रभारी जगदीश तिवारी ने कहा कि मृतका के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।