रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुमाऊंनी भाषा में कैसो हेरो हो हाल चाल (कैसा हालचाल है) कहकर अपने भाषण की शुरुआत की। जबकि भाषण के अंत में लोगों से अपील की कि जब अब अपने गांव जाएं तो देवी देवताओं के आगे उनकी तरफ से माथा टेके और गांव के सभी परिजनों तक उनका प्रणाम पहुंचाएं।
मंगलवार को मोदी मैदान में विजय शंखनाद रैली में पीएम मोदी ने कुमाऊं की प्रमुख देवी मां नंदा, न्याय के देवता गोल्ज्यू और गढ़वाल की प्रमुख देवी मां राज राजेश्वरी के जयघोष से संबोधन का आगाज किया। कहा कि देवभूमि के हर गांव से मिल रहे प्यार और आशीर्वाद के लिए वह हृदय से आभारी हैं। मिनी इंडिया कहे जाने वाले क्षेत्र में चुनावी सभा हो रही है। अपना जुड़ाव प्रदर्शित करते हुए कहा कि वह जब उत्तराखंड की पवित्र धरती पर आते हैं तो खुद को बहुत धन्य महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को आगे ले जाने में केंद्र की भाजपा सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है।
उत्तराखंड को दी सौगातें गिनाईं
-मोदी ने कहा कि उत्तराखंड हर प्रकार की आधुनिक कनेक्टविटी से जुड़ रहा है।
-भाजपा सरकार ने गरीबों को 85 हजार पक्के घर बनाकर दिए हैं
- 12 लाख लोगों के घरों तक पानी के कनेक्शन पहुंचाने के साथ ही साढ़े पांच लाख से ज्यादा शौचालयों का निर्माण कराया है।
-पांच लाख से ज्यादा महिलाओं को उज्ज्वला गैस योजना का निशुल्क कनेक्शन दिया गया है।
-करीब तीन लाख लोगों को स्वामित्व योजना के तहत उनकी जमीन के कार्ड दिए गए हैं।
- 35 लाख लोगों के खाते खोलकर उन्हें बैंक से जोड़ा है।
-छोटे किसानों के खातों में 2 हजार 200 करोड़ रुपये ज्यादा भेजे हैं।
धूप की इस तपस्या को बेकार नहीं जाने दूंगा
रुद्रपुर। मोदी मैदान में पंडाल भरने के बाद मैदान में कड़ी धूप में प्रधानमंत्री मोदी को सुनने के लिए खड़े थे और मोदी के नाम के नारे लगा रहे थे। मोदी ने धूप में खड़े लोगों की दिक्कतें समझते हुए कहा कि पंडाल के बाहर धूप में जो लोग तप रहे हैं, उनसे व्यवस्थाओं की कमी के लिए क्षमा चाहता हूं। अंदर से ज्यादा लोग बाहर धूप में तप रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्वास दिलाता हूं कि आप धूप में तप रहे हैं और आपकी तपस्या बेकार नहीं जाने दूंगा। मैं इसे विकास करके लौटाऊंगा। मोदी ने कहा कि देवभूमि का ये आशीर्वाद उनके लिए बहुत बड़ी पूंजी है। संवाद