गदरपुर। यूपी से सटे बार्डर से बाइक नहीं निकलने देने से नाराज एक व्यक्ति ने एसपीपीओ से गालीगलौच और हाथापाई कर दी। आरोपी ने एसपीओ को जान से मारने की धमकी दे डाली। पुलिस ने एसपीओ की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
महतोष क्षेत्र के ग्राम पिपलिया नंबर एक निवासी गौतम मंडल ने थाने में दिए शिकायती पत्र में कहा कि उसे पुलिस ने एसपीओ (विशेष पुलिस अधिकारी) नियुक्त किया है। उसकी ड्यूटी यूपी से सटे रतनपुरा-नवाबगंज बैरियर पर है। उसका कहना है कि बुधवार की शाम वह पुलिसकर्मी रमेश ध्यानी, शिक्षक दिनेश उप्रेती के साथ बैरियर पर तैनात था। इसी बीच नवाबगंज रामपुर निवासी सुरेंद्र सिंह नेगी बिना अनुमति बॉर्डर से बाइक निकाल रहा था। जब उसने बिना अनुमति सीमा पर आने पर ऐतरात जताया तो सुरेंद्र ने गालीगलौच की और उसे धमकी दी। जब पुलिसकर्मी रमेश ने सुरेंद्र को समझाने की कोशिश की तो वह धमकी देते हुए वहां से चला गया।
एसपीओ का कहना है कि कुछ समय बाद उसके हाथ पर किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। वह नजदीक के मेडिकल स्टोर पर दवाई लेने गया तो वहां पहले से ही सुरेंद्र मौजूद था। सुरेंद्र ने गालीगलौज करते हुए हाथ में पकड़ी किसी नुकीली चीज से उसके हाथ पर वार कर दिया, जिससे वह चोटिल हो गया। इसके बाद आरोपी ने गालीगलौच कर उसे धमकी दी। पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र नेगी के खिलाफ धारा 332, 353, 504, 506, 188 आईपीसी समेत आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005, 2006 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसओ जसविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी युवक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा