जसपुर। पुलिस ने एक पिकअप से अंग्रेजी शराब की 94 पेटियां बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शनिवार को एसपी अभय सिंह और सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि सूत मिल तिराहे पर पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। एक पिकअप को रुकने का इशारा किया। चालक भागने का प्रयास करने लगा तो पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन समेत युवक को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर वाहन में शराब की 94 पेटियां बरामद की। आरोपी ने अपना नाम सतवीर निवासी 322 बामनोली 35 थाना बहादुरगढ़ जिला झज्जर हरियाणा का बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि धामपुर में एक व्यक्ति मिला उसने कहा कि शराब की पेटियां मुरादाबाद पहुंचानी हैं। वह पेटियां धामपुर से मुरादाबाद लेकर जा रहा था। पुलिस ने वाहन सीज कर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसपी ने बताया कि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है।