रुद्रपुर शहर के ओमेक्स रिवेरा के लेमडा-39 विला में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा और छह लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से 3,88,100 रुपये नकद, ताश की दो गड्डियां और एक पोकर सेट बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, मेट्रोपोलिस मॉल के पास चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि ओमेक्स रिवेरा के मुख्य गेट के दाईं ओर स्थित लेमडा-39 विला में जुआ खेला जा रहा है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी विमल सैनी के निर्देशन में पंतनगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। विला की ऊपरी मंजिल के कमरे में छह लोग टेबल के चारों ओर बैठे ताश खेलते मिले। पुलिस को देखकर उन्होंने पत्ते और रुपये टेबल पर रख दिए।
बरामद नकदी में 500 रुपये के 773 नोट और 100 रुपये के 16 नोट शामिल हैं। पुलिस ने पोकर सेट भी जब्त किया है।
पकड़े गए लोगों की पहचान अमित कुमार (लेमडा-39 विला), अशोक कुमार (वार्ड नंबर चार, गदरपुर), अपूर्व कुमार (सिविल लाइंस आदर्श कॉलोनी, रुद्रपुर), अभिषेक कुमार (एईआईजेड एस-201, ओमेक्स), मनवेन्द्र सिंह (लेमडा-18 विला) और विवेक गुप्ता (फ्लैट एच-ए-401, ओमेक्स) के रूप में हुई है।