खटीमा। सुरई-किलपुरा और खटीमा रेंज के जंगलों से होकर गुजरते एलीफेंट कॉरिडोर में शीघ्र साइन बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि वन कर्मियों को भी हाथियाें के मार्ग से संबंधित जानकारी मिल सके। साथ ही एलीफेंट कॉरिडोर में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम का पालन सख्ती से किया जा सकेगा।
खटीमा उप वन प्रभाग के किलपुरा रेंज के जंगलों में लंबे समय से हाथियों के झुंड दिख रहे हैं जबकि सुरई और खटीमा रेंज के जंगलों में बाघ, तेंदुआ, भालू आदि वन्यजीव अधिक मिलते हैं। इधर, पिछले दिनों वन अधिकारियों को सुरई रेंज के जंगल में हाथी दिखा। सुरई रेंज में हाथी दिखने से पता चलता है कि एलीफेंट कॉरिडोर में अभी भी हाथियों की आवाजाही हो रही है, लेकिन कई बार मार्ग बाधित होने के कारण हाथी आबादी क्षेत्र में घुस जाते हैं जिससे वह फसल आदि को नुकसान पहुंचाते हैं।
अब वन विभाग सुरई, किलपुरा और खटीमा रेंज के जंगलों में हाथियों की आवाजाही के लिए एलीफेंट कॉरिडोर को दुरुस्त करने का प्रयास कर रहा है।
एसडीओ संचिता वर्मा ने बताया कि वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया व वन विभाग ने उत्तराखंड में चिन्हित सभी एलीफेंट कॉरिडोर में साइन बोर्ड लगाने को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।