संवाद न्यूज एजेंसी
बाजपुर। कोसी नदी के बहाव में एसडीएम आरसी तिवारी का सरकारी वाहन फंस जाने में खलबली मच गई। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद एसडीएम के वाहन को ट्रैक्टर से खींचकर निकाला गया।
शुक्रवार दोपहर बाद कोसी नदी पार अवैध खनन होने की सूचना पर एसडीएम आरसी तिवारी, तहसीलदार अक्षय कुमार भट्ट टीम के साथ खनन क्षेत्र में छापा मारने के लिए जा रहे थे। इस दौरान पानी अधिक होने के कारण एसडीएम का वाहन कोसी में फंस गया। वाहन को निकालने के लिए खुद एसडीएम आरसी तिवारी और मौजूद अधिकारियों ने पूरी कोशिश की। नाकाम होने पर ट्रैक्टर में रस्सी बांधकर वाहन को करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
-
... उधर खनन कारोबारी संपर्क मार्गों से निकले
बाजपुर। एसडीएम आरसी तिवारी टीम के साथ वाहन निकालने में लगे रहे। उधर खनन कारोबारियों ने अपने वाहनों को संपर्क मार्गों से निकाल दिया। गनीमत रही कि एसडीएम का वाहन फंसने पर पीछे आ रहे तहसीलदार ने अपना वाहन वापस लौटा लिया था। वाहन निकलने के बाद एसडीएम ने टीम के साथ खनन क्षेत्र में अवैध खनन से भरे एक डंपर को पकड़ लिया। इस दौरान क्षेत्र से खनन खुदान में प्रयोग आने वाले एक पंखा को कब्जे में ले लिया। मौके पर राजस्व उप निरीक्षक राजेश कुमार सहित अन्य राजस्व कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद