काशीपुर। स्कूटी सवार युवती का मोबाइल और पर्स झपट रहे बाइक सवार दो झपटमार संतुलन बिगड़ने पर वहीं गिर पड़े। मौके पर मौजूद सीपीयू ने दोनों को दबोच लिया। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरीताल रोड निवासी अक्षय की पत्नी पूजा कश्यप बुधवार शाम स्कूटी से अपने घर लौट रही थी। स्कूटी की बास्केट में उनका मोबाइल और पर्स रखा था। चीमा चौराहे पर बगैर नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने स्कूटी की बास्केट में रखा मोबाइल और पर्स झपटकर निकाल लिया। बैलेंस बिगड़ने से स्कूटी बाइक से टकरा गई और दोनों गिर पड़े जिससे इससे बाइक सवार दोनों युवक और पूजा चोटिल हो गई। मौके पर तैनात सीपीयू व ट्रैफिक पुलिस के सिपाहियों ने दोनों को दबोच लिया। इस मामले में पूजा ने मोहल्ला थानासबिक निवासी शाहरुख व रहमान के खिलाफ कटोराताल चौकी में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया पर्स व मोबाइल बरामद कर लिया है।