रुद्रपुर। जवाहर लाल नेहरू जिला अस्पताल को तीन नई वेंटिलेटर मशीन मिल गई हैं। अब जिला अस्पताल में कुल वेंटिलेटर मशीन की संख्या पांच हो गई है। प्रमुख अधीक्षक डॉ. टीडी रखोलिया ने बताया कि बजाज कंपनी की ओर से सीएसआर के तहत जिला अस्पताल को तीन नई वेंटिलेटर मशी मिली हैं। इन नई वेंटिलेटर मशीन को आइसीयू में रखा जा रहा है। बता दें कि जिला अस्पताल को डेडिकेटेड कोरोना सेंटर बनाए जाने के कारण यहां कोरोना पॉजिटिव मरीजों को रखा जाता है। इस सेंटर के आइसोलेशन वार्ड में 53 बेड उपलब्ध हैं। जिले में अब तक कुल 95 कोरोना पॉजिटिव में से 63 स्वस्थ्य हो चुके हैं। जिला अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए और अधिक वेंटिलेटर की आवश्यकता है।