शांतिपुरी। खरीफ खरीद सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश सरकार ने सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये और ग्रेड-ए का 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। उत्तराखंड कांग्रेस के महामंत्री डॉ. गणेश उपाध्याय ने इसे किसानों की बढ़ती लागत के मुकाबले नाकाफी बताया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में 72 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को सरकार भले ही उपलब्धि बता रही हो लेकिन डीजल, बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई और मजदूरी की बढ़ती लागत के सामने यह ऊंट के मुंह में जीरा जैसी है। उन्होंने सरकार से धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रति क्विंटल करने और किसानों की वास्तविक उत्पादन लागत का व्यापक आकलन कर उचित मूल्य नीति बनाने की मांग की।